Azamgarh News:जनगणना के द्वितीय चरण हेतु फील्ड ट्रेनर्स के तृतीय एवं चतुर्थ बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन*

*जनगणना के द्वितीय चरण हेतु फील्ड ट्रेनर्स के तृतीय एवं चतुर्थ बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन*

आजमगढ़, 10 अक्टूबर, 2026।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु जनपद आजमगढ़ में चयनित फील्ड ट्रेनर्स के तृतीय एवं चतुर्थ बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

प्रशिक्षण के समापन सत्र में जिला जनगणना अधिकारी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया गया। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके सफल क्रियान्वयन में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं तकनीकी दक्षता का उपयोग करते हुए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करने तथा जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

 

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, मोबाइल एप्लीकेशन, गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 

इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं दक्षता के साथ करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सभी फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना प्रतिज्ञा भी दिलाई गई तथा जनगणना कार्य को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रेरित किया गया।

 

समापन सत्र में प्रशिक्षणार्थियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सारिणी का पालन करते हुए आगामी चरण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करें, जिससे जनगणना कार्य का सफलतापूर्वक संचालन किया जा सके।

 

इस अवसर पर संबंधित मास्टर ट्रेनर तथा प्रशिक्षणार्थी फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button