आजमगढ़:जमीनी विवाद पर बवाल,भाजपा नेता पर कब्जा का आरोप,दोनों पक्षों पर केस दर्ज

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के कसाई टोला दुर्गा मंदिर के पास जमीनी विवाद को लेकर न्यायालय के स्टे के बावजूद जबरन कब्जा करने, मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।
सोमवार को न्याय की गुहार लेकर एसपी दरबार पहुंचे पीड़ित डब्लू मोदनवाल ने आरोप लगाया है कि 8 तारीख को कथित तौर पर भाजपा नेता अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट, दुकान में तोड़फोड़ और वीडियो बना रही पत्नी का मोबाइल छीनने का आरोप है। पीड़ित ने थाने पर अनदेखी का आरोप लगाया है। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक पक्ष से भाजपा नेता रमाकांत समेत 5 लोग और दूसरे पक्ष से पीड़ित डब्लू मोदनवाल समेत 5 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।



