Azamgarh News:मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
प्रयाग इंटर कॉलेज में पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति किया जागरूक
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल मिश्रा के नेतृत्व में मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं साइबर अपराध के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम प्रयाग इंटर कॉलेज, बिलरियागंज के परिसर में पहुंची, जहां छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस टीम ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डर और संकोच के पुलिस की सहायता लें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बताया गया कि वर्तमान समय में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस टीम ने छात्राओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, उत्पीड़न तथा अन्य महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि किसी भी तरह की गलत हरकत या असामाजिक गतिविधि को नजरअंदाज न करें और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
जागरूकता अभियान के दौरान छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा अपनी निजी तस्वीरें और जानकारियां साझा करने से बचना चाहिए। यदि किसी छात्रा के साथ ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर ठगी या सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने जैसी घटना होती है, तो तत्काल परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दें।
पुलिस ने छात्राओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1090 महिला हेल्पलाइन, 181 महिला सहायता हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि जागरूकता, सतर्कता और समय पर शिकायत के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, शिक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी विषम परिस्थिति में साहस और समझदारी से काम लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक आकांक्षा पांडेय, महिला आरक्षी हर्षिता दुबे, हरिप्रिया सिंह, मुख्य आरक्षी गांधी यादव तथा आरक्षी विमल मिश्रा उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाना तथा महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।



