Azamgarh News:जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आजमगढ़, 13 अक्टूबर
आजमगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना-2027 के आगामी चरण के सुचारु संचालन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रगणक अथवा पर्यवेक्षक की ड्यूटी बीएलओ के रूप में न लगाई जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात किसी भी प्रगणक अथवा पर्यवेक्षक की ड्यूटी निरस्त न हो।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान ही संक्षिप्त मकान सूची, नियुक्ति पत्र एवं संबंधित मैनुअल उपलब्ध करा दिए जाएं, ताकि वे अपने दायित्वों एवं कार्यप्रणाली को भली-भांति समझ सकें।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान निर्धारित 40 प्रश्नों के अतिरिक्त अनधिकृत प्रश्न पूछने, आंकड़ों में अनधिकृत परिवर्तन अथवा छेड़छाड़ करने या जनगणना संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता बरतने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारु एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सके।बैठक में जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।उक्त बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी नरेंद्र सिंह तथा सभी संबंधित उप जिलाधिकारी,तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी तथा एबीएसए मौजूद रहे ।



