ठेकमा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ दशहरा मेला, हजारों की उमड़ी भीड़, 12 दुर्गा प्रतिमाएं थी स्थापित
राम-जानकी पूजा समिति की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र,दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
ठेकमा (आजमगढ़)। दशहरा पर्व के अवसर पर ठेकमा बाजार में आयोजित भव्य मेला मंगलवार को उत्साह और उल्लास के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन किए और मेले का आनंद उठाया।जानकारी के अनुसार, ठेकमा बाजार में इस वर्ष कुल 12 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। सभी पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडालों के साथ रंग-बिरंगी लाइटों की व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा बाजार भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। बाजार स्थित राम-जानकी पूजा समिति की ओर से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। यहां दर्शन-पूजन के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।दशहरा मेले में मिठाइयों, खिलौनों, महिलाओं के श्रृंगार सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई थीं। इन दुकानों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं, बच्चों और युवतियों ने मेले में घूमकर खरीदारी की और विभिन्न दुकानों पर उपलब्ध सामानों का आनंद लिया। मेले में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही और बाजार में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।दशहरा मेले में उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। मेले ने क्षेत्र में आपसी सौहार्द, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।



