Azamgarh News:*01 नवंबर को जनपद स्तर पर होगा वृहद/मेगा शिविर का आयोजन*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
*01 नवंबर को जनपद स्तर पर होगा वृहद/मेगा शिविर का आयोजन*
*जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को किया जाएगा लाभान्वित*
*मेगा शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे*
आजमगढ़, 28 अक्टूबर 2026//
मा० उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 01 नवंबर 2026 को जनपद स्तर पर वृहद/मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से समाज के निर्बल वर्गों, बच्चों, महिलाओं, निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा शिविर में स्टॉल लगाए जाएंगे।
वृहद/मेगा शिविर के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
इसी क्रम में वृहद/मेगा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन के संबंध में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद न्यायालय, आजमगढ़ श्री अंकित वर्मा द्वारा अपने विश्राम कक्ष में विभिन्न न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित वर्मा ने बताया कि मा० उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के निर्देशानुसार 01 नवंबर 2026 को जनपद स्तर पर वृहद/मेगा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे तथा पूर्व में चिह्नित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेगा शिविर के आयोजन से पूर्व लघु शिविरों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया गया है। इसके बावजूद यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी कारणवश चिह्नित होने से छूट गया है, तो वह संबंधित योजना से जुड़े आवश्यक अभिलेखों के साथ मेगा शिविर में उपस्थित होकर संबंधित विभाग के समक्ष अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकता है। इससे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में सहायता मिलेगी।
सचिव ने बताया कि शिविर में प्रतिभाग करने वाले लोगों की सुविधा के लिए पेयजल एवं खान-पान की व्यवस्था भी की गई है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, जिसमें लोगों की सामान्य चिकित्सीय जांच की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।
मेगा शिविर में जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे उनके द्वारा तैयार किए गए सामानों को प्रदर्शित किया जा सकेगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित विभागों से शिविर के सफल आयोजन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपेक्षा की। साथ ही, न्यूज चैनलों के प्रतिनिधियों से शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया, ताकि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को इसकी जानकारी मिल सके और वे शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।



