Azamgarh News:पत्रकारों के सम्मान में आगे आए सपा विधायक नफीस अहमद, बोले- पत्रकारों की आवाज अब विधानसभा में गूंजेगी!

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
अंगवस्त्रम, बैग, पेन और डायरी देकर किया सम्मानित, पत्रकारों की पीड़ा सुन भावुक हुए विधायक; आयुष्मान कार्ड, बीमा और मानदेय की मांग सदन में उठाने का दिया भरोसा।
आजमगढ़ जनपद में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों के सम्मान और उनके हितों को लेकर गोपालपुर विधानसभा के सपा विधायक नफीस अहमद ने सराहनीय पहल की। आजमगढ़ एयरपोर्ट के पास बाबा ढाबा के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र के पत्रकारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर अंगवस्त्रम, बैग, पेन और डायरी भेंट की। साथ ही जलपान और सामूहिक भोजन कराकर पत्रकारों के प्रति अपना आत्मीय सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर विधायक नफीस अहमद ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि आज उन्हें अपने क्षेत्र के पत्रकारों के साथ बैठकर सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं को सुनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। विषम परिस्थितियों में दिन-रात मेहनत कर जनता की आवाज उठाते हैं और व्यवस्था को उसकी वास्तविक तस्वीर दिखाते हैं। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान और उनकी सुरक्षा बेहद जरूरी है।
बैठक में पत्रकारों ने अपनी पीड़ा रखते हुए कहा कि खबरों के लिए उन्हें दिन-रात दौड़ना पड़ता है। कभी आधी रात को हत्या तो कभी सड़क दुर्घटना की सूचना पर तत्काल घटनास्थल पहुंचना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न मानदेय मिलता है, न यात्रा भत्ता और न ही आयुष्मान कार्ड तथा बीमा जैसी सुविधाएं। पत्रकारों ने सरकार से सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और आर्थिक सहायता की मांग उठाई।
विधायक नफीस अहमद ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो पत्रकारों की मांगों को पूरा कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। साथ ही गोपालपुर विधानसभा में नई तहसील, मिनी स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रत्येक दो से चार महीने में क्षेत्रीय पत्रकारों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं की जानकारी ली जाएगी और उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सुख-दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में विधायक की इस पहल को पत्रकारों के प्रति सम्मान और संवाद की सकारात्मक शुरुआत के रूप में देखा गया। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि यह सम्मान केवल एक दिन का आयोजन न रहकर पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई में सार्थक पहल बनेगा। इस मौके पर बिलरियागंज नगर पालिका अध्यक्ष कोमल पासवान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ विधानसभा अध्यक्ष हरेराम सिंह यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महराजगंज सीताराम कांन्दू, गोरेलाल जायसवाल आदि लोग उपस्थित रहे।



