Azamgarh News:अम्बेडकर पार्क में आयोजित सात दिवसीय माटीकला महोत्सव में माटीकला के कारीगरों को किया गया प्रोत्साहित

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

आजमगढ़, 03 नवंबर 2026//

अम्बेडकर पार्क में आयोजित सात दिवसीय माटीकला महोत्सव-2026 के अंतर्गत आज सायंकाल फारेस्ट रेंजर लालगंज निखिल द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार एवं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा ने महोत्सव में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टालों का भ्रमण कर माटीकला के कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के बर्तनों, आकर्षक कलाकृतियों एवं अन्य पारंपरिक उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने कारीगरों से संवाद कर उनके हुनर की सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

महोत्सव में स्थापित माटीकला कारखाने में मिट्टी के बर्तन बनाकर पारंपरिक माटीकला की समृद्ध विरासत एवं कारीगरों के हुनर को प्रदर्शित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मिट्टी के बर्तन निर्माण की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया।

सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक लक्ष्मण प्रजापति द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

माटीकला महोत्सव का उद्देश्य पारंपरिक माटीकला को प्रोत्साहन देना, स्थानीय कारीगरों को मंच प्रदान करना तथा जनसामान्य को मिट्टी से निर्मित उत्पादों के प्रति जागरूक करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button