जबलपुर में बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव! एक ही परिवार के चार लोगों पर चाकू से हमला, युवती के सीने और पिता के पेट में घोंपा चाकू, और दो भाई लहूलुहान
जबलपुर में चाकुओं से खूनी हमला! पिता-बेटी और दो भाई लहूलुहान-गोरखपुर थाना क्षेत्र में वारदात, तीनों आरोपी फरार
जबलपुर। शहर में मामूली विवाद किस तरह खूनी संघर्ष में बदल रहा है, इसकी एक सनसनीखेज घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर, गुप्तेश्वर के पास सामने आई है। यहां गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि तीन आरोपियों ने कथित तौर पर एक ही परिवार के चार सदस्यों को चाकुओं से हमला कर लहूलुहान कर दिया। हमले में पिता, बेटी और उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक ने कथित तौर पर चाकुओं से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में बनारसी लाल गुप्ता के पेट में चाकू लगा, वहीं उनकी बेटी काजल गुप्ता के सीने पर वार किया गया। परिवार के दोनों बेटे मोहित गुप्ता के पैर और मनीष गुप्ता के हाथ में चाकू से चोटें आईं।
एक ही परिवार के चार लोगों पर अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। चारों घायलों को तत्काल नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि सभी को गंभीर चोटें आई हैं।
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। गोरखपुर थाना पुलिस ने प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक की तलाश शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है। मामूली कहासुनी में एक ही परिवार के चार लोगों को चाकुओं से घायल करने की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाइट मोहित
बाइट मनीष गुप्ता
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



