जबलपुर के चर्चित बाबा सोनकर हत्याकांड का मुख्य आरोपी ‘बंटी करिया’ गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद
Bunty Kariya, the main accused in the Baba Sonkar murder case of Jabalpur, has been arrested and the country-made pistol used in the crime has also been recovered.
जबलपुर (मध्य प्रदेश): हनुमानताल थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी के दिन हुई मूर्तिकार मनोज उर्फ बाबा सोनकर की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ बंटी करिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया मुख्य हथियार (देसी कट्टा) भी बरामद कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया मुख्य आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी बंटी करिया वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। बीते दिन पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी हनुमानताल क्षेत्र में अपने कुछ पुराने साथियों से मिलने के लिए आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया। कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा और कारतूस भी जब्त कर लिए हैं।
कुल 7 में से 6 आरोपी आ चुके हैं पुलिस की गिरफ्त में
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी वारदात में कुल 7 आरोपी शामिल थे। मुख्य आरोपी बंटी करिया की इस ताजा गिरफ्तारी को मिलाकर अब तक 6 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। मामले का केवल एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बदले की नीयत से की गई थी हत्या; पूरी रेकी कर दिया वारदात को अंजाम सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर ने बताया
हत्या की मुख्य वजह के बारे में बात करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी पारिवारिक और खूनी रंजिश चल रही थी। पूर्व में आरोपियों के परिवार के एक सदस्य की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए इस हत्याकांड की पूरी साजिश रची गई। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बाकायदा पूरी योजना बनाई, मृतक की रेकी की और मौका पाते ही जन्माष्टमी की रात गोली मारकर बाबा सोनकर की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पकड़े गए मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
बाइट शशांक सिंह गुर्जर सीएसपी
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



