जबलपुर-भोपाल राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने युवक-युवती को कुचला, दोनों की मौके पर मौत
बेलखेड़ा मार्ग पर पुल के पास खड़े होकर बात कर रहे थे प्रशांत लोधी और जागृति पंडित, हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुआ चालक; नंबर प्लेट छिपाने की भी कोशिश
जबलपुर। जबलपुर-भोपाल राजमार्ग पर बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हिट एंड रन का मामला सामने आया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पुल के पास खड़े युवक और युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रशांत लोधी और जागृति पंडित के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्रशांत लोधी अपनी महिला मित्र जागृति पंडित के साथ बेलखेड़ा मार्ग पर पुल के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार ने दोनों को कुचल दिया। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना में शामिल कार की नंबर प्लेट छिपाने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। वहीं, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक-युवती और कार चालक एक-दूसरे के परिचित बताए जा रहे हैं। इस वजह से मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। कार चालक की तलाश की जा रही है।
बाइट: अनु बेनीवाल, एएसपी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट।



