Azamgarh News:मुख्य चौक पर साड़ी घर के बिजली मीटर में लगी भीषण आग, करंट से इलेक्ट्रीशियन घायल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आधे घंटे तक बाजार में मची रही अफरा-तफरी, दुकानदारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आजमगढ़ शहर के मुख्य चौक के समीप बुधवार दोपहर साड़ी घर दुकान के बाहरी हिस्से में लगे बिजली मीटर और केबल में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मीटर धू-धू कर जलने लगा। व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। उस समय आसपास की दुकानें खुली थीं और सड़क पर ग्राहकों व राहगीरों की भारी चहल-पहल थी।

आग बुझाने के प्रयास में दुकान का इलेक्ट्रीशियन चालू बिजली लाइन के दौरान ही मीटर ठीक करने पहुंच गया। इसी बीच वह तेज करंट की चपेट में आकर दूर जा गिरा, जिससे घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

उधर, आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों में रखे फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दुकानदारों ने बिजली विभाग के एसडीओ को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद जेई बसंत कुमार को सूचना दी गई, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस दौरान पूरे बाजार में धुएं का गुबार फैल गया। गनीमत रही कि आग दुकान के अंदर रखी साड़ियों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि यह आग देर रात लगी होती तो आसपास की दुकानों और मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। इस घटना ने व्यस्त बाजारों में बिजली मीटरों और खुले बिजली केबलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने बिजली विभाग से बाजार क्षेत्र में लगे पुराने और असुरक्षित मीटरों व केबलों की जांच कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button