Azamgarh News:छठ महापर्व को लेकर बिलरियागंज में युद्धस्तर पर सफाई अभियान, 68 घाटों पर तैयारियां तेज

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

तालाब पोखरों से लेकर प्राचीन शिव मंदिर के अमृत सरोवर तक सजने लगे छठ घाट, सुरक्षा व्यवस्था में जुटी पुलिस

आजमगढ़ जनपद में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। क्षेत्र के नगर पालिका और ग्रामीण इलाकों में स्थित तालाबों एवं अमृत सरोवरों पर साफ-सफाई अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। पूरे थाना क्षेत्र में करीब 68 छठ घाटों पर पूजा-अर्चना की परंपरा को देखते हुए प्रशासन, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मिलकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

नगर पालिका क्षेत्र के घाटों की साफ-सफाई संबंधित सभासदों की देखरेख में कराई जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधियों के नेतृत्व में सफाई कर्मियों द्वारा तालाबों और सरोवरों की सफाई की जा रही है। घाटों पर साफ-सफाई, रंगरोगन और पूजा के लिए वेदियां तैयार की जा रही हैं।

इसी क्रम में शहाबुद्दीनपुर स्थित तालाब पर सफाई कर्मियों द्वारा तेजी से साफ-सफाई की जा रही है। वहीं प्राचीन शिव मंदिर के समीप स्थित अमृत सरोवर पर भी इस वर्ष आकर्षक तैयारी देखने को मिल रही है। विगत वर्षों की भांति इस बार भी ग्राम प्रधान पति सुरेश्वरी दत्त उपाध्याय के नेतृत्व में पूरे तालाब की साफ-सफाई, रंगरोगन तथा छठ व्रतियों के लिए वेदियों को व्यवस्थित कराया गया है। सरोवर की सुंदरता और घाटों की आकर्षक सजावट देखते ही बन रही है।

उधर, पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा हमराहियों के साथ सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण करते नजर आए। पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

महापर्व को लेकर गांव-गांव में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की मुहिम क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button