Azamgarh News:कीटनाशक उपचारित बीज खाने से एक ही परिवार के सात सदस्य बीमार, मचा हड़कंप
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सीएमओ के निर्देश पर तत्काल गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, सभी सातों की हालत सामान्य; स्वास्थ्य विभाग ने की सतर्क रहने की अपील
आजमगढ़ जिले के मोहम्मदपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोठाव में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत कीटनाशक उपचारित बीज खाने से बिगड़ गई। सभी को उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम तत्काल गांव पहुंची और सभी प्रभावितों का चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं निगरानी शुरू की। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी सातों की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के घर में घरेलू उपयोग के अनाज और बुवाई के लिए रखे गए रागी (मिश्रित मिलेट) के बीज की अलग-अलग बोरियां रखी हुई थीं। इसी दौरान भ्रमवश परिवार के सदस्यों ने कीटनाशक उपचारित बीज का सेवन कर लिया। इसके कुछ समय बाद शनिवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच परिवार के सदस्यों को उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। घबराए परिजनों ने शुरुआत में स्थानीय निजी चिकित्सक से उपचार कराया।
प्रकरण की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने प्रभारी चिकित्साधिकारी मोहम्मदपुर डॉ. रोहित मिश्रा को स्वास्थ्य टीम के साथ तत्काल गांव पहुंचने और प्रभावितों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने ग्राम गोठाव पहुंचकर सभी सातों सदस्यों का चिकित्सकीय परीक्षण किया और उनकी स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक परामर्श, उपचार एवं निगरानी शुरू कर दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कैंप कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सभी सात प्रभावितों की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। किसी प्रकार की गंभीर चिकित्सकीय जटिलता की सूचना नहीं है। स्वास्थ्य टीम को परिवार के सभी सदस्यों की लगातार निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने आमजन से अपील की है कि कीटनाशक उपचारित बीज और खाने योग्य खाद्यान्न को हमेशा अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर रखें। इनके भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा गलती से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया जाता है तो घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें।
स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी प्रभावितों को समय रहते चिकित्सकीय सहायता और निगरानी उपलब्ध कराई गई। फिलहाल परिवार के सभी सातों सदस्य चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।



