आजमगढ़:गहमागहमी के बीच खुली बैठक में हुआ कोटेदार का चयन, लालिमा यादव को मिले 372 समर्थन,

सोनी तिवारी को 329 लोगों का समर्थन, 12 सितंबर को विवाद के चलते स्थगित हो गया था चुनाव

अतरौलिया/आजमगढ़: विकास खंड कोयलसा की ग्राम पंचायत कटोही में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए मंगलवार को आयोजित खुली बैठक गहमागहमी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इसमें दो प्रत्याशियों सोनी तिवारी पत्नी सत्येंद्र और लालिमा यादव पत्नी सुरेंद्र के बीच मुकाबला हुआ। समर्थन के आधार पर लालिमा यादव को 372 और सोनी तिवारी को 329 लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ। इस प्रकार लालिमा यादव के पक्ष में कोटे का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया।

प्राथमिक विद्यालय खदेरू पट्टी में आयोजित खुली बैठक को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बूढ़नपुर सर्किल के चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। चुनाव अधिकारी के रूप में खंड विकास अधिकारी कोयलसा रामसागर सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव सुबोध चंद और एडीओ एजी मंडलेश राव मौजूद रहे। गौरतलब है कि कटोही ग्राम पंचायत में कोटेदार के चयन को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। बीते 12 सितंबर को आयोजित चुनाव प्रक्रिया विवाद के चलते स्थगित कर दी गई थी। ऐसे में मंगलवार को होने वाली खुली बैठक को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा था। करीब तीन घंटे तक चली प्रक्रिया के बाद चयन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

खंड विकास अधिकारी रामसागर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से उन्हें चुनाव के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया था। ग्राम प्रशासक की अध्यक्षता में खुली बैठक कराई गई, जिसमें लालिमा यादव को 372 और सोनी तिवारी को 329 लोगों का समर्थन मिला। अधिक समर्थन मिलने के आधार पर लालिमा यादव के पक्ष में उचित दर विक्रेता चयन का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं आई और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान सचिव सभा राम वर्मा, ग्राम प्रशासक कविता मौर्य, बीएमएम राजेश, अतरौलिया थाना अध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button