शिब्ली डे पर अल्लामा शिब्ली नोमानी की शैक्षिक एवं वैचारिक विरासत को किया गया याद

29 विद्यार्थियों को नेट एवं जेआरएफ तथा 13 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर किया गया सम्मानित; दो पुस्तकों का हुआ विमोचन

आज़मगढ़, 18 नवंबर 2026। शिब्ली नेशनल कॉलेज, आज़मगढ़ में आज महान शिक्षाविद्, इतिहासकार एवं विचारक अल्लामा शिब्ली नोमानी की स्मृति में शिब्ली डे का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आज़मगढ़ के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता द आज़मगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. शौकत अली ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जनाब अबूसाद अहमद शम्सी एवं सचिव जनाब अनवर अहमद की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद खालिद एवं बी.एड. विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सीमा सादिक़ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी एएनओ डॉ. आसिम ख़ान के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किए जाने के साथ हुई। इसके पश्चात कारी मोहम्मद आसिफ़ ने तिलावत-ए-कलाम पाक से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अफ़सर अली ने मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजीव कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. शौकत अली, प्रबंध समिति के अध्यक्ष जनाब अबूसाद अहमद शम्सी एवं सचिव जनाब अनवर अहमद का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डॉ. शौकत अली ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं सचिव ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

इसके पश्चात मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर फ़हमीदा ज़ैदी ने महाविद्यालय की ओर से स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पत्रकारों एवं कर्मचारियों का स्वागत करते हुए शिब्ली डे के ऐतिहासिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों ने अल्लामा शिब्ली नोमानी के जीवन, विचारों, शैक्षिक योगदान तथा वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए। इस क्रम में सैन्य विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोनिस अब्बास, अंग्रेज़ी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सरफ़राज़ नवाज़ एवं उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने अपने विचार रखे। प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने कहा कि अल्लामा शिब्ली नोमानी ने अपने व्यक्तिगत जीवन में अनेक कठिनाइयों एवं दुखों का सामना किया, लेकिन उन्होंने किसी भी परिस्थिति में समाज सुधार, लेखन और शिक्षा के अपने मिशन को नहीं छोड़ा। वे निरंतर अपने उद्देश्य की दिशा में आगे बढ़ते रहे। वहीं, प्रबंध समिति के सचिव जनाब अनवर अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि यदि शिब्ली साहब के विचारों का निष्कर्ष एक पंक्ति में व्यक्त किया जाए तो वह है—सभी को साथ लेकर चलना।मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफलता के पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें क्या बनना है। इसके साथ ही मोबाइल के उपयोग में समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास तथा शिक्षकों के प्रति सम्मान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन पांच बातों का अनुशासित रूप से अनुसरण करने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता की राह आसान हो जाती है।इस अवसर पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। विपक्ष में बी.एड. की छात्रा अफ़ीफ़ा समरीन तथा पक्ष में बी.एससी. की छात्रा इरम ज़हीर ने अपने विचार रखे। इसी क्रम में एम.एससी. की छात्रा नायफ़ा फ़ख़र ने विपक्ष तथा बी.एससी. की छात्रा मारिया बानो ने पक्ष में विचार प्रस्तुत किए। बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा अफ़ीफ़ा आरिफ़ ने ‘अल्लामा शिब्ली एक शिक्षाविद् के रूप में’ विषय पर अपने निबंध का पाठ किया। वहीं, बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा फ़लक बानो ने नज़्म प्रस्तुत की।शिब्ली पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान उम्मे हबीबा एवं उनके समूह तथा तृतीय स्थान निखत एवं उनके समूह ने प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रुश्दा बानो, द्वितीय स्थान प्रतीक्षा शर्मा तथा तृतीय स्थान महविश ख़ान एवं इफ़्फ़त सानिया ने प्राप्त किया। कैलीग्राफी प्रतियोगिता में हाज़रा ख़ान प्रथम, अर्शी बानो द्वितीय तथा वसुंधरा स्थाना तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध लेखन प्रतियोगिता में अफ़ीफ़ा आरिफ़ ने प्रथम तथा सानिया इरशाद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वकार अहमद प्रथम, शालू यादव द्वितीय तथा इंशा फ़ातिमा तृतीय स्थान पर रहीं। वाद-विवाद प्रतियोगिता में अफ़ीफ़ा समरीन ने प्रथम तथा नायफ़ा फ़ख़र ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बैतबाज़ी प्रतियोगिता में अलीना ज़हरा एवं सायका की टीम प्रथम, आकाश यादव एवं मोहम्मद मज़हर की टीम द्वितीय तथा आलिया बानो एवं सूफ़िया ख़ातून की टीम तृतीय स्थान पर रही। ज़ौक़-ए-अदब प्रतियोगिता में फ़लक बानो प्रथम, मोहम्मद वामिश द्वितीय तथा अरीबा उस्मानी तृतीय स्थान पर रहे। रील प्रतियोगिता में इंशा अशरफ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में शुभम उपाध्याय एवं उनकी टीम प्रथम, आबिद अली एवं उनकी टीम द्वितीय तथा मोहम्मद यासिम एवं उनकी टीम तृतीय स्थान पर रही।कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष महाविद्यालय के शैक्षणिक उपलब्धियों से जुड़े विद्यार्थियों का सम्मान रहा। महाविद्यालय के 29 विद्यार्थियों द्वारा नेट एवं जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त इस वर्ष महाविद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किए, जिन्हें भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर एवं प्रोफेसर मोहम्मद खालिद की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। विशेष रूप से प्रोफेसर मोहम्मद खालिद की पुस्तक “Revisiting Allama Shibli Nomani’s Educational Vision: Contemporary Relevance and Institutional Challenges” का विमोचन किया गया। यह पुस्तक अंग्रेज़ी एवं उर्दू भाषाओं में प्रकाशित हुई है। पुस्तक में अल्लामा शिब्ली नोमानी के शैक्षिक दृष्टिकोण, उसकी वर्तमान प्रासंगिकता एवं संस्थागत चुनौतियों पर विचार किया गया है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. शौकत अली ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन अल्लामा शिब्ली नोमानी के विचारों एवं शैक्षिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अफ़सर अली ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार का धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने अगले दिन सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की।कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की तराना टीम ने महाविद्यालय का तराना प्रस्तुत किया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। अंत में सामूहिक फोटोग्राफ के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button