Azamgarh News:कोहरे ने दी दस्तक, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार; बस-ट्रेलर समेत कई वाहन भिड़े, तीन की मौत, 12 घायल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

दिल्ली से पटना जा रही निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर में घुसी, दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त; मृतकों की शिनाख्त में जुटी पुलिस

आजमगढ़ जिले में कोहरे ने दस्तक दे दी है। गुरुवार की सुबह धुंध और कम दृश्यता के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास 252 स्टोन पर सुबह करीब सात बजे लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इसके बाद पीछे से आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त बस दिल्ली से पटना जा रही थी।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सुबह-सुबह कोहरे की चादर फैलने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दृश्यता काफी कम हो गई थी। इसी दौरान बस चालक आगे चल रहे ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी। बस के टकराते ही पीछे से आ रहे वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ने लगे। देखते ही देखते कई वाहन हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना में दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिश्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया गया। हादसे के चलते कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर आवागमन प्रभावित रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ सिटी शुभम तोदी पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और राहत एवं उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी हुई है। वहीं, मौके पर आरटीओ विभाग के अधिकारी भी पहुंचकर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी लेते रहे।

कोहरे की शुरुआती दस्तक के साथ ही हुए इस भीषण हादसे ने वाहन चालकों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। कम दृश्यता के बावजूद तेज रफ्तार से वाहन चलाना किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी बानगी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button