Azamgarh News:तिलक समारोह में संपत्ति देने की रंजिश में मारपीट, पांच लोग घायल; 10 अज्ञात समेत कई पर आरोप

नरसिंह पवई आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बस्ती चक गुलरा गांव में तिलक समारोह के दौरान संपत्ति देने की रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडे, बांस और लोहे की रॉड से हमला कर पांच लोगों को घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र स्व. हरिलाल ने बताया कि उनकी कोई संतान नहीं है। वह अपनी पत्नी की सहमति से अपने साढ़ू पुष्पेंद्र के पुत्र प्रिंस को बचपन से ही पुत्र मानकर उसका पालन-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति प्रिंस के नाम करने की इच्छा जताई थी। इसी क्रम में 20 नवंबर 2026 को अपने घर पर प्रिंस का तिलक एवं वरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए थे।आरोप है कि संपत्ति प्रिंस को देने की बात से नाराज होकर उनके बड़े भाई अवधराज और भतीजे मुकेश की साजिश के तहत गांव के ऋषिकपूर, सौरभ, सुजीत, अजीत और अमित समेत अन्य लोग लाठी-डंडे, बांस और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उन्होंने विनोद कुमार और उनके रिश्तेदारों पर हमला कर दिया। अवधराज और उनकी पत्नी शीला के ललकारने पर मारपीट और बढ़ गई।इस घटना में प्रिंस, सुमित, जितेंद्र, श्रवण कुमार और पुष्पेंद्र को गंभीर चोटें आने की बात तहरीर में कही गई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों के साथ करीब 10 अज्ञात लोग भी शामिल थे। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित विनोद कुमार ने 21 नवंबर को पवई थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



