Jabalpur news:जज ऋषि राज मिश्रा के सूने मकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, तीसरा फरार
Jabalpur News: Theft in Judge Rishi Raj Mishra's vacant house revealed, police parade two accused, third absconding

जबलपुर के खमरिया थाना क्षेत्र की प्रियदर्शनी कॉलोनी में न्यायाधीश ऋषि राज मिश्रा के सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 8 और 9 नवंबर की दरमियानी रात तीन चोरों ने मकान में घुसकर चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पनागर निवासी किशन कुशवाहा और गोहलपुर निवासी सुमित दहिया शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी गोपी उर्फ गुलाम मुस्तफा अब भी फरार है। खास बात यह है कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक के मुताबिक, चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों तक के फुटेज खंगाले और कैमरों की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है। इसमें शिवजी की चांदी की मूर्ति, चांदी का लॉकेट, पायल और बिछिया की एक-एक जोड़ी के साथ पांच हजार रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं, सुमित दहिया को चोरी के एक अन्य मामले में भी पहले जेल से लाया जा चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
बाइट: राजकुमार खटीक – थाना प्रभारी, खमरिया
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



