आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: छात्रों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चार की मौत, 35 से अधिक घायल
Horrible accident on Agra-Lucknow Expressway: A bus full of students was hit by a truck, four died, more than 35 injured.
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा से कौशांबी लौट रही छात्रों से भरी बस को कन्नौज के ठठिया क्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक छात्र घायल हो गए।जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जनपद के सिराथू थाना क्षेत्र स्थित अफजलपुर वारी के ओरियंटल पब्लिक स्कूल के करीब 50 छात्र-छात्राएं शिक्षकों के साथ रविवार को दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर आगरा गए थे। मंगलवार सुबह सभी बस से वापस कौशांबी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
टॉयलेट के लिए बस रोक रहा था चालक
बताया जा रहा है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कन्नौज के ठठिया क्षेत्र के गांव बैसुइया के सामने छात्र-छात्राओं को लघुशंका कराने के लिए चालक बस को धीमा कर सड़क किनारे लगाने की कोशिश कर रहा था। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में इन चार छात्रों की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले चार छात्रों की पहचान इस प्रकार हुई है-
1. आर्यन चौरसिया (14 वर्ष) पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया, निवासी अफजलपुर वारी, कौशांबी।
2. रजी उल्ला (17 वर्ष) पुत्र शमी उल्ला, निवासी अफजलपुर वारी, कौशांबी।
3. जैद मिर्जा (17 वर्ष) पुत्र रियाज अहमद, निवासी नदौरा, खखरेड़ू, जनपद फतेहपुर।
4. अरमान (17 वर्ष) पुत्र रियाज अहमद, निवासी गौरे, खखरेड़ू, जनपद फतेहपुर।
हादसे में 35 से अधिक छात्र घायल हुए हैं। घटना की खबर मिलते ही मृतक छात्रों के परिवारों में कोहराम मच गया।



