आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: हत्या, जमीन धोखाधड़ी, गैंगस्टर और दुष्कर्म के मामलों में 11 अभियुक्त गिरफ्तार,रिवाल्वर के साथ रील बनाने वाली महिला पर कार्रवाई

Azamgarh police take major action: 11 accused arrested in murder, land fraud, gangsterism and rape cases; action taken against woman who made reels with revolver

 

आजमगढ़, 24 नवंबर। जनपद आजमगढ़ सहित वाराणसी जोन में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आजमगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए हत्या, जमीन धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट एवं जानलेवा हमले तथा युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामलों में कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ रील बनाकर दबंगई का प्रदर्शन करने वाली एक महिला के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

मिनी ट्रक से कुचलकर हत्या करने वाला गिरफ्तार

थाना बरदह पुलिस ने बोलेरो में टक्कर लगने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति को मिनी ट्रक से कुचलकर हत्या करने के आरोपी पंकज कुमार उर्फ साधू (24) निवासी खरगीपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा मिनी ट्रक संख्या UP50ET9249 भी बरामद किया है। आरोप है कि 23 नवंबर को लसड़ा कला पुलिया के पास बोलेरो में टक्कर लगने के बाद विवाद हुआ था, जिसके दौरान चालक ने ट्रक से कुचलकर साहबराज यादव (60) की जान ले ली थी।

जमीन धोखाधड़ी में पति-पत्नी गिरफ्तार

थाना जीयनपुर पुलिस ने जमीन की धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एक ही जमीन को दोबारा बेचने के मामले में वांछित हुसैन मोहम्मद और उसकी पत्नी खुर्शीद फातिमा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वर्ष 2017 में वसीयत के जरिए बहुओं के नाम की गई जमीन का दोबारा वरासत कराकर बिक्री की गई और बाद में उसी जमीन को फिर से बेच दिया गया। पुलिस ने दोनों को सीताराम मोहल्ले से गिरफ्तार किया है।

गैंगस्टर एक्ट में चार गिरफ्तार, जाली नोटों का मामला भी जुड़ा

थाना रौनापार पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित नितिन सिंह उर्फ भोला, ऋषिकेश सिंह उर्फ शनि, आदित्य सिंह उर्फ चंकी और शिवम सिंह उर्फ विदुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में 1 लाख 19 हजार रुपये की जाली मुद्रा और नकली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद होने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में संगठित गिरोह के रूप में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में दो गिरफ्तार

थाना दीदारगंज पुलिस ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने, वाहन क्षतिग्रस्त करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित संजय गुप्ता और भोला उर्फ भोले गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाठी-डंडे बरामद किए हैं। इस मामले में सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तारी

थाना जीयनपुर पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म के आरोपों से संबंधित मुकदमे में प्रकाश में आए अमित नायक (19) निवासी कानपुर देहात को जीयनपुर रोडवेज से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिवाल्वर के साथ रील बनाने वाली महिला पर कार्रवाई

थाना कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ रील बनाकर दबंगई का प्रदर्शन करने वाली एक महिला की पहचान कर उसके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति और भय का माहौल बनाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एनसीसी कैडेट्स के साथ यातायात जागरूकता अभियान

यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स के साथ बागेश्वर चौराहे पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, ट्रैफिक सिग्नल और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को यातायात नियमों से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए तथा वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए गए।

वाराणसी जोन में तीन दिनों में 10,662 वाहन चालकों को जागरूक किया

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा (16 से 30 नवंबर) के तहत अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में जोन के नौ जनपदों में यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 21 से 23 नवंबर तक चले अभियान में कुल 10,662 वाहन चालकों को जागरूक किया गया तथा 3,502 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान कुल 32 लाख 52 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, अवैध सायरन, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP), अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना बीमा वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी चालान किए गए।

पुलिस की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध गिरफ्तारी अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन से कानून का पालन करने, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।वहीं अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्कों को वाहन न देने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button