मां को पीटते देख आगबबूला हुआ बेटा, धारदार हथियार से पिता की हत्या
Enraged by the sight of his mother being beaten, the son killed his father with a sharp weapon.
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मां के साथ पिता को मारपीट करते देख बेटे ने विरोध किया तो पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के राधानगर का है। यहां निवासी 53 वर्षीय रामेंद्र सिंह का मंगलवार रात अपनी पत्नी अंजू सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान रामेंद्र सिंह पत्नी के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी बीच उनका 28 वर्षीय बेटा सत्यम सिंह मौके पर पहुंच गया। मां को पिटता देख सत्यम ने पिता का विरोध किया।इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आए सत्यम ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सीओ सिटी अजीत सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पत्नी के साथ मारपीट का विरोध घटना की वजह सामने आया है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने आरोपी सत्यम सिंह की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



