यूपी चुनाव 2027: सपा ने जारी की पांच उम्मीदवारों की पहली सूची, अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दिया सीट बंटवारे का संदेश

UP Elections 2027: SP releases first list of five candidates, Akhilesh Yadav sends seat-sharing message to Congress

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर पहली सूची जारी कर दी है। घोषित पांच उम्मीदवारों में चार मौजूदा विधायक हैं। वहीं, सहारनपुर की दो सीटों पर प्रत्याशी उतारकर सपा ने कांग्रेस को सीटों के बंटवारे को लेकर स्पष्ट राजनीतिक संदेश भी दे दिया है।समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर सदर सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा सीट से महबूब अली और ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है।इनमें उमर अली खान, आशु मलिक, नाहिद हसन और महबूब अली मौजूदा विधायक हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उमर अली खान ने 1,34,513 वोट हासिल कर भाजपा के नरेश सैनी को हराया था। वहीं, आशु मलिक ने 1,07,007 वोट पाकर भाजपा के जगपाल मलिक को शिकस्त दी थी। कैराना से नाहिद हसन ने 1,31,035 वोट हासिल कर भाजपा की मृगांका सिंह को पराजित किया था। अमरोहा से महबूब अली ने 1,28,735 वोट पाकर भाजपा के राम सिंह को हराया था।ललितपुर सीट पर सपा ने इस बार नया चेहरा उतारते हुए ज्योति लोधी पर भरोसा जताया है। पिछले चुनाव में यहां से रमेश कुशवाहा सपा के प्रत्याशी थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने जीत दर्ज की थी। इस बार सपा ने महिला और लोधी समीकरण को ध्यान में रखते हुए ज्योति लोधी को मैदान में उतारा है।

अखिलेश यादव का कांग्रेस को सीट बंटवारे पर संदेश

पांच उम्मीदवारों की घोषणा के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में उन्हीं सीटों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जहां जीत की संभावना अधिक हो। अखिलेश ने बताया कि कांग्रेस की ओर से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत हो चुकी है। इसके अलावा अन्य संभावित सीटों को चिह्नित कर साझा करने की बात कही।उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं की बैठक में सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में चर्चा होनी चाहिए, न कि कांग्रेस या सपा के उम्मीदवार के तौर पर। उन्होंने गठबंधन के प्रत्याशियों को पीडीए प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत करने की बात भी कही।

पीडीए के सहारे भाजपा को हराने की रणनीति

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पीडीए के साथ सहयोग किया था, जो सराहनीय रहा। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों दल मिलकर उत्तर प्रदेश और केंद्र में भाजपा को हराने की दिशा में काम करेंगे। उनके मुताबिक पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग भाजपा के खिलाफ लामबंद हो रहा है और पीडीए ही एनडीए को हराकर परिवर्तन लाएगा।

सीट बंटवारा नहीं, सीट समायोजन चाहते हैं अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा आपसी खींचतान या हमारे-तुम्हारे के आधार पर नहीं होना चाहिए। इसे सीट बंटवारे के बजाय सीट समायोजन कहा जाना चाहिए। जिन सीटों पर समीकरण मुश्किल होंगे, वहां दोनों दल मिलकर संभावित उम्मीदवारों पर विचार करेंगे और जीत की अधिक संभावना वाले प्रत्याशी को मौका देंगे।अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि गठबंधन में किसी पर उम्मीदवार थोपने के बजाय आपसी सहमति से प्रत्याशियों का चयन होना चाहिए, ताकि दोनों दलों के वोट एक-दूसरे को स्थानांतरित हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दलों का सबसे बड़ा लक्ष्य उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है। इसके लिए जरूरत पड़ने पर कुछ नेताओं और संभावित प्रत्याशियों को परिस्थितियों के अनुसार समायोजित करना होगा।सपा की पहली सूची और अखिलेश यादव के इस संदेश को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ गठबंधन की सीटों को लेकर चल रही राजनीतिक कवायद के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button