जबलपुर की 2000 साल पुरानी बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण की लड़ाई पहुंची हाईकोर्ट
The fight to preserve Jabalpur's 2,000-year-old Balancing Rock reaches the High Court.
समाचार:
जबलपुर। संस्कारधानी की करीब दो हजार साल पुरानी अनूठी प्राकृतिक धरोहर बैलेंसिंग रॉक के अस्तित्व और संरक्षण को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। इस ऐतिहासिक चट्टान को सुरक्षित रखने के लिए नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के अध्यक्ष पीजी नाज पांडे द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस और जस्टिस जैन की डिवीजन बेंच ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI), कलेक्टर, एसपी और नगर निगम सहित संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। हाईकोर्ट अधिवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैलेंसिंग रॉक के आसपास निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जमीन के लैंड रिकॉर्ड में बदलाव हो रहे हैं और इस ऐतिहासिक स्थल के निजी हाथों में जाने की आशंका है। हैरानी की बात यह है कि स्थल के पास सड़क होने के बावजूद इसकी देखरेख नहीं की जा रही और आसपास कचरा फेंका जा रहा है। याचिका में बताया गया कि ज्वालामुखीय गतिविधियों के बाद प्राकृतिक रूप से बनी यह चट्टान भू-वैज्ञानिक दृष्टि से बेहद दुर्लभ है। इसका संतुलन और गुरुत्वाकर्षण इतना अद्भुत है कि 6.4 तीव्रता के भूकंप के दौरान भी यह अपने स्थान से नहीं हिली थी। इसके बावजूद संरक्षण के लिए जिम्मेदार विभागों की उदासीनता चिंता का विषय है। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने आसपास हो रहे निर्माण, कचरे और रखरखाव की व्यवस्था पर चिंता जताते हुए संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। मामले में अगली सुनवाई के लिए 4 जनवरी की तारीख निर्धारित की गई है। अब देखना होगा कि हजारों साल से प्रकृति के अद्भुत संतुलन का उदाहरण बनी यह धरोहर सरकारी संरक्षण की कसौटी पर कितनी खरी उतरती है।
बाइट सुरेंद्र वर्मा अधिवक्ता
बाइट पी जी नाच पांडे नागरिक उपभोक्ता मंच
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



