2 करोड़ के इंश्योरेंस के लिए पति को धीमा जहर देने की साजिश! बेटा और भांजा भी निशाने पर, पत्नी गिरफ्तार
A plot to slowly poison her husband for 2 crore rupees in insurance! Son and nephew also targeted, wife arrested.
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करोड़ों रुपये की संपत्ति और दो करोड़ रुपये के बीमा की रकम हासिल करने के लालच में एक महिला अपने ही पति को धीमा जहर देती रही। इतना ही नहीं, इस कथित साजिश में पति के बेटे और भांजे को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी रेनू भटनागर (42) को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने 24 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के सदस्य मिलकर उन्हें, उनके बेटे वंश भटनागर और भांजे देव भटनागर को जान से मारने की नीयत से लीड पॉइजन यानी सीसा मिला जहरीला पदार्थ दे रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।जांच के दौरान पुलिस ने 23 नवंबर को दिल्ली के विवेक विहार निवासी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति की करीब पांच से छह करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी है। इसके अलावा उनके नाम पर दो करोड़ रुपये का इंश्योरेंस भी है, जिसमें वह नॉमिनी है। पुलिस के मुताबिक, संपत्ति और बीमा की रकम हासिल करने के लालच में पति और अन्य परिजनों को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी।
ब्लड रिपोर्ट से खुला धीमे जहर का राज
पीड़ित सुशील कुमार भटनागर के अनुसार, उनकी तबीयत बिगड़ने पर ब्लड सैंपल की जांच कराई गई, जिसमें खून में लीड यानी सीसे की मात्रा सामान्य से काफी अधिक पाई गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित का दावा है कि मेडिकल रिपोर्ट से जहरीले पदार्थ के संपर्क में आने की पुष्टि हुई। अस्पताल से ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी और बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पीड़ित ने अपनी एफआईआर में पत्नी रेनू के साथ उसकी मां, भाई और साढ़ू को भी आरोपी बनाया है। उनका आरोप है कि सभी मिलकर उन्हें और उनके परिजनों को जान से मारने की योजना बना रहे थे।फिलहाल पुलिस आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



