शादी से इनकार पर सहेली ने रची साजिश, AI से बने फोटो भेजकर तुड़वाया युवती का रिश्ता
AI से बने फोटो भेजकर तुड़वाया युवती का रिश्ता, समलैंगिक सहेली शादी का बना रही थी दबाव
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपनी समलैंगिक सहेली पर जबरन शादी करने का दबाव बनाने, घर से भागने के लिए मजबूर करने और इनकार करने पर उसकी शादी तुड़वाने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि सहेली ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उसकी तस्वीरें तैयार कर होने वाले पति और ससुराल पक्ष को भेज दीं। इतना ही नहीं, उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर चैट के जरिए उसके प्रेम संबंध होने की झूठी कहानी भी पेश की गई। इससे उसका तय हुआ रिश्ता टूट गया।पीड़िता के मुताबिक, उसकी सहेली काफी समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वह कई बार उसे घर से भागकर साथ रहने के लिए कह चुकी थी। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया और सहेली के परिजनों से शिकायत की तो उन्होंने भी कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी। इसी बीच पीड़िता के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही सहेली ने फिर उसके साथ भागने का दबाव बनाया। आरोप है कि इनकार करने पर उसने दोनों के जहर खाकर जान देने तक की बात कही।पीड़िता का आरोप है कि जब वह किसी भी कीमत पर सहेली की बात मानने को तैयार नहीं हुई तो उसने बदनाम करने की नीयत से एआई से तैयार की गई तस्वीरें उसके होने वाले पति और ससुराल वालों को भेज दीं। इसके अलावा उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर होने वाले पति से चैट की और शादी नहीं करने की गुहार लगाई। आरोप है कि सहेली ने अपने भाई और अन्य लोगों के माध्यम से भी प्रेमी बनकर उसके होने वाले पति व ससुराल पक्ष से बातचीत की।इन घटनाओं के बाद होने वाले पति और उसके परिजनों ने शादी का रिश्ता तोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि अब सहेली उसके साथ नहीं रहने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रही है।मामले में पीड़िता ने लिसाड़ी गेट थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और एआई से तैयार तस्वीरों की जांच कर रही है।



