पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख नौकरियां, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और बेटियों को सोना; अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र

पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां और दो से तीन करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा, किसानों की कर्जमाफी, बुजुर्ग महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन और जातीय जनगणना पर भी जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र-जन-मन का मेनिफेस्टो’ नाम दिया गया है। घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार, किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक न्याय और कानून-व्यवस्था को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं।अखिलेश यादव ने वादा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों पर भर्ती का प्रस्ताव पारित कराया जाएगा। वहीं पांच साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

युवाओं के लिए रोजगार और भर्ती व्यवस्था में बदलाव

घोषणा पत्र में भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने तथा एक चरण वाली भर्ती तीन महीने और दो से तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने का वादा किया गया है। बेरोजगार स्नातकों को संविदा नौकरी मिलने तक पांच हजार रुपये मासिक पोषण भत्ता देने, हर वर्ष 20 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और अग्निवीरों को पुलिस व अन्य विभागों में रोजगार देने की बात कही गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 150 दिन रोजगार की कानूनी गारंटी और शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का भी वादा किया गया है।

बेटियों के जन्म पर 10 ग्राम सोना, महिलाओं को 40 हजार पेंशन

महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र जारी करने की बात कहते हुए अखिलेश यादव ने बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया। इसके अलावा बेटियों के जन्म पर सरकार की ओर से 10 ग्राम तक सोना देने की घोषणा भी की गई है। महिला सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था और महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की बात भी घोषणा पत्र में शामिल है।

किसानों की कर्जमाफी और 300 यूनिट मुफ्त बिजली

किसानों को राहत देने के लिए तत्काल कर्जमाफी का वादा किया गया है। 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने तथा आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति योजना लागू करने की बात कही गई है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने और 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा है। सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली तथा ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी की गई है।

लैपटॉप योजना होगी बहाल, जातीय जनगणना पर जोर

शिक्षा के क्षेत्र में 12वीं पास विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप देने की पुरानी योजना बहाल करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही जातीय जनगणना कराने और सरकारी ठेकों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई है। पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय दिलाने को भी घोषणा पत्र का प्रमुख आधार बनाया गया है।

अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन पर कब्जे, अवैध वसूली, धमकी और महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल का हो, उसे जेल भेजा जाएगा। जमीन विवादों और अवैध कब्जों पर कार्रवाई के लिए विशेष एसटीएफ गठित करने, प्रत्येक जिले में साइबर यूनिट स्थापित करने, गांवों और कस्बों में सीसीटीवी तथा ड्रोन निगरानी बढ़ाने और पुलिस के खाली पदों को तत्काल भरने का भी वादा किया गया है।अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी केवल घोषणापत्र बनाती नहीं, बल्कि उसे लागू भी करती है। उन्होंने संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को पीडीए की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि पीडीए के लोग अब अपनी सरकार बनाने के लिए एकजुट हो रहे हैं।कुल मिलाकर समाजवादी पार्टी के इस घोषणा पत्र में युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए कर्जमाफी, महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के ये वादे मतदाताओं को कितना प्रभावित करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button