जबलपुर के स्पा सेंटरों में नौकरी के नाम पर शोषण का आरोप! 9-10 हजार की नौकरी का झांसा, मारपीट, धमकी और सीसीटीवी फुटेज गायब करने के गंभीर दावे

Allegations of exploitation in the name of employment at Jabalpur spa centers! Serious claims of 9-10 thousand rupees in job offers, assault, threats, and the disappearance of CCTV footage.

जबलपुर के विजयनगर इलाके में संचालित स्पा सेंटरों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नौकरी देने के नाम पर युवतियों को बुलाने, फिर उन पर कथित तौर पर गलत कामों के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर मारपीट व धमकियां देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। रॉयल क्राउन स्पा के संचालक आशुतोष पांडे पर वहां काम करने वाली एक महिला ने आरोप लगाए हैं कि करीब एक महीने पहले उसे और एक अन्य युवती को 9 से 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर रिसेप्शन का काम देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन सेंटर पहुंचने के बाद हालात बदल गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, संचालक ने युवती के साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट व जबरदस्ती की कोशिश की गई। बीच-बचाव करने पर शिकायतकर्ता और वहां काम करने वाले एक युवक के साथ भी कथित मारपीट की गई।मामले में पीड़ित पक्ष ने एफआईआर दर्ज कराने के बाद भी धमकियां मिलने और सबूत मिटाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि थाने में घटना के तीन दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन इसके बाद उन पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा और कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। इतना ही नहीं, स्पा सेंटर की सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए जाने का दावा भी किया गया है। एक अन्य पीड़िता ने वीडियो के माध्यम से अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उसे पढ़ाई के साथ काम करने के लिए काउंटर संभालने के नाम पर बुलाया गया था, लेकिन बाद में उसे बाहर भेजने और गलत गतिविधियों में शामिल करने का दबाव बनाया जाने लगा। पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि नौकरी का लालच देकर नॉर्थ ईस्ट, बिहार और पंजाब सहित दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाया जाता है। वहीं, 3 सितंबर को दर्ज एक अन्य एफआईआर के करीब दो महीने बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

इन गंभीर आरोपों के सामने आने के बाद हिंदू टाइगर फोर्स ने विजयनगर थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों की जांच, युवतियों की सुरक्षा तथा कथित अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन का दावा है कि इलाके में बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित हैं और बाहर से आने वाली युवतियों से जुड़े कई संदिग्ध मामले सामने आ रहे हैं। संगठन ने पूरे क्षेत्र में स्पा सेंटरों की गतिविधियों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों की जांच की मांग उठाई है। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठन जिन पीड़ितों को लेकर आया है, उनके आवेदन लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्पा सेंटरों में काम करने वाले पुरुष और महिला कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन के लिए पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं और इस प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नौकरी के नाम पर शोषण और धमकियों के इन आरोपों की जांच कितनी निष्पक्षता और तेजी से होती है, और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कब तक कार्रवाई होती है।

बाइट नितेश पटेल हिंदू टाइगर

बाइट धीरज राज थाना प्रभारी

बाइट पीड़ित महिला

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button