टैंकर में पीछे से डम्पर ने मारी टक्कर : डम्पर चालक व खलासी घायल

रिपोर्ट सुरेश पांडे
नन्दगंज (गाजीपुर )। वाराणसी – गाजीपुर फोरलेन पर थाना क्षेत्र के दवोपुर के पास बुधवार की दोपहर में टैंकर में पीछे से डम्पर ने जोरदार टक्कर मार दी।
जिसमें डंपर चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल गाजीपुर भेजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के फोरलेन पर बुधवार की दोपहर में दवोपुर के पास डिवाइडर पर लगे फूलों को एनएचआई के टैंकर से पानी दिया जा रहा था।
तभी वाराणसी की तरफ जा रहें एक डंपर ने फूलों को पानी दे रहे टैंकर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से टैंकर लगभग 200 मीटर दूर लुढ़क कर आगे चला गया।
इस घटना में डंपर चालक सागर 40 वर्ष पुत्र अजीत भारती ग्राम रामपुर धवई थाना अहरौरा जिला मिर्जापुर व खलासी बुरी तरह घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि संभवतः डंपर चालक को झपकी आ गई होगी। जिसके चलते ऐसा हादसा हुआ। सौभाग्य से पौधों को पानी दे रहा कर्मचारी डिवाइडर पर था।
अन्यथा उसकी जान भी जा सकती थी। थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को सदर अस्पताल गाजीपुर ले जाया गया है।
ग्रामीणों ने डंपर में फंसे घायल चालक तथा खलासी को निकालने में काफी मदद की। डैम्पर को जीसीबी द्वारा सड़क से हटाकर किनारे कर दिया गया है।



