नाबालिग की हत्या के 6 बाल अपचारी लिए गए हिरासत में
एसपी डॉ.मीनाक्षी कात्यायन ने पुलिस लाइन सभागार कक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया मामले का खुलासा

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। औराई थाना क्षेत्र के खम्हरियां पुलिस चौकी अंतर्गत खेतलपुर में नाबालिग के हत्या की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने 6 बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। प्रेम-प्रसंग की बात को लेकर आपस में हुई कहा-सुनी के बीच घटना को अंजाम दिया गया था। रविवार को ज्ञानपुर में स्थित पुलिस लाइन सभागार कक्ष में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी डॉ.मीनाक्षी कात्यायन ने इनका खुलासा किया।
इस दौरान एसपी ने बताया कि 13 सितंबर को सुबह के समय खेतलपुर सरकारी ट्यूबवेल के पास स्थित खेत में शिवप्रकाश प्रजापति (16 वर्ष) पुत्र राजेंद्र प्रजापति निवासी बगीचा मोहल्ला वार्ड नंबर 7 खम्हरियां का शव बरामद हुआ था। घटना के संबंध में मृतक के पिता से प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध धारा-103(1) बीएनएस का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रचलित की गई। उन्होंने बताया कि आज प्रभारी निरीक्षक औराई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नाबालिग की हत्या करने के सभी 6 बाल अपचारी को ग्राम नटवा क्रॉसिंग के पास से हिरासत में लिया गया। एसपी ने बताया कि घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा बताया गया कि मृतक के साथ हम लोगों का प्रेम प्रसंग की बात को लेकर आपस में कहा-सुनी हुई थी। जिसका उलाहना मृतक की मां हम लोगों के घर देने गई थी। इसी बात को लेकर हम लोगों द्वारा हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक औराई, सच्चिदानंद पांडेय, उपनिरीक्षक भारत भूषण सिंह, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार यादव, नियामत खां, आरक्षी विनीत सिंह, शुभम पांडेय, कैलाश प्रजापति व यशपाल सिंह आदि शामिल रहें।



