गोलीकांड के मुकदमे में नाम हटाने के लिए 30 हजार! दरोगा का कथित ऑडियो वायरल

30,000 rupees to remove name from shooting case! Alleged audio of police officer goes viral

आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र में हुए गोलीकांड के मामले में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये मांगने का दारोगा का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ऑडियो में दारोगा एक छात्र से कथित तौर पर मुकदमे में मदद करने और एक व्यक्ति का नाम निकलवाने के एवज में 30 हजार रुपये की मांग करता सुनाई दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने दारोगा धीरेंद्र यादव को निलंबित कर दिया है। साथ ही एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद को विभागीय कार्रवाई के साथ जांच के निर्देश दिए गए हैं।बताया गया है कि फतेहाबाद क्षेत्र में पिछले दिनों गोलीकांड हुआ था। वायरल ऑडियो इसी मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। ऑडियो में दारोगा एक छात्र से बातचीत करते हुए कह रहा है कि मुकदमे में पूरी मदद करनी होगी और सूचनाएं एकत्रित करके देनी होंगी। बातचीत के दौरान दारोगा कथित तौर पर छात्र से एक व्यक्ति का नाम मुकदमे से हटवाने के लिए 30 हजार रुपये की मांग करता है।इस पर छात्र दारोगा से पूछता है कि रकम अकेले उसके लिए है या सभी लोगों के लिए। जवाब में दारोगा कथित तौर पर कहता है कि उसने सबका ठेका नहीं ले रखा है। छात्र जब अन्य लोगों से भी बात करने की बात कहता है तो दारोगा इसके लिए हामी भर देता है। बातचीत के अंत में दारोगा कथित तौर पर छात्र से कहता है कि शाम तक मुकदमा दर्ज हो जाएगा।मंगलवार को ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया। डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दारोगा धीरेंद्र यादव को निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें हुई बातचीत की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button