सुक्खू सरकार के संरक्षण में हिमाचल में फल-फूल रहा भ्रष्टाचार : आरपी सिंह
Corruption flourishing in Himachal under the patronage of Sukkhu government: RP Singh
नई दिल्ली:प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर अधिकारियों द्वारा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रमुख सहयोगियों ज्ञान चंद और प्रभात चंद को राज्य में करोड़ों रुपये के घोटालों में शामिल पाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस व सीएम सुक्खू पर बड़ा हमला बोला है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने इस मामले पर कहा कि ईडी की जांच में हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खूू के संरक्षण में वहां हो रहे भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि सीएम के सहयोगी ज्ञान चंद और प्रभात चंद सरकार के संरक्षण में बेनामी ठेके लेते थे और बेनामी काम करते थे। ये लोग सीएम सुक्खूू की देखरेख में भ्रष्टाचार के जरिए करोड़ों की कमाई कर रहे थे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ईडी की जांच में आठ करोड़ रुपए का घोटाला तो साफ दिखाई देता है। इस पैसे को सीएम के दोनों सहयोगियों ने नकदी के रूप में एक खाते में जमा किया था। इससे स्पष्ट है कि अपने सहयोगियों के जरिए सीएम सुक्खू खुद भ्रष्टाचार मे शामिल हैं और अवैध रूप से करोड़ों की कमाई कर रहे हैं।
आरपी सिंह ने कहा कि यह भी जानकारी आ रही है कि ज्ञान चंद और प्रभात चंद ने बेनामी कंपनियों के जरिए कंस्ट्रक्शन व खनन का भी काम किया है। इन कंपनियों के माध्यम से हजारोें करोड़ रुपए का घोटाला किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी और आईटी को कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिसके जरिए ज्ञान चंद और प्रभात चंद के अवैध कार्यों का पता चलता है। सूत्र बताते हैं कि सुक्खू सरकार ने इन दोनों को संरक्षण प्रदान किया है। इससे राज्य के खजाने को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।