आजमगढ़ में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन,संजय सिंह को फर्जी मामले में फसाने का आरोप,

आजमगढ़:आम आदमी पार्टी के (AAP) नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ यूपी के आजमगढ़ में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आप की जनपद इकाई द्वारा पूर्वांचल प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया,कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा,राजेश यादव ने कहा कि फर्जी शराब घोटाले के मुख्य अभियुक्तों ने 14 बार ईडी को बयान दिए लेकिन उन बयानों में कभी संजय सिंह का नाम नहीं था। सांसद संजय सिंह कोई अंजान व्यक्ति नहीं हैं। क्या अभियुक्त को इतनी बार बयान देते हुए सांसद संजय सिंह का नाम याद नहीं आया? अचानक से ईडी द्वारा अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया,अभियुक्त से सांसद संजय सिंह के खिलाफ बयान दिलवाया गया। महीने भर के अंदर अभियुक्त को जमानत मिल गई और ईडी ने उनकी जमानत का कोई विरोध नहीं किया। जमानत के कुछ दिन बाद ही उसको सरकारी गवाह बना दिया गया,जिलाध्यक्ष रविन्द्र यादव ने कहा कि संजय सिंह ने मणिपुर हिंसा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने जैसे जघन्य अपराध के खिलाफ सदन में आवाज उठाई तो उन्हें राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया और आज तक वो निलंबित है। वह लगातार दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों व समाज के कमज़ोर वर्गों की आवाज लगातार उठाते रहे हैं और सरकार से सवाल पूछते रहे हैं।



