UP news:हाय रे कुदरत की शान रंगदारी में वसूले गए पैसा बटावरे को लेकर आपस में भिड़े पुलिस कर्मी तो व्यापारी की बची जान

रिपोर्ट: रोशन लाला
आजमगढ़ से व्यापारी इश्तियाक का अपहरण करने में हसनगंज थाने के दारोगा अनुराग द्विवेदी व हेड कांस्टेबल यूसुफ के साथ बहुचर्चित श्रवण साहू हत्याकांड में बर्खास्त सिपाही धीरेंद्र यादव को पकड़ा गया है।इश्तियाक को यहां निरालानगर के चरन गेस्ट हाउस में उसे बंधक बनाकर रखा और पीटने के बाद 20 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद सवा लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी।
सोशल मीडिया से मामला सामने आने पर दारोगा, हेड कांस्टेबल और बर्खास्त सिपाही के साथ अपहरण में शामिल नजीम, शेखर उर्फ चुन्नू और दिनेश गुप्ता के खिलाफ इंस्पेक्टर हसनगंज राजकुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। दारोगा अनुराग और हेड कांस्टेबल यूसुफ को निलंबित किया गया है। पुलिस ने देर रात दारोगा अनुराग द्विवेदी और हेड कांस्टेबल यूसुफ को हिरासत में लिया।
बर्खास्त सिपाही धीरेंद्र यादव समेत अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। इंस्पेक्टर हसनगंज की तहरीर के मुताबिक इश्तियाक आजमगढ़ में गर्म कपड़े की फेरी लगाता है और चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
आजमगढ़ से किया था अपहरण
मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले इश्तियाक ने बताया कि दारोगा अनुराग, हेड कांस्टेबल यूसुफ, बर्खास्त सिपाही धीरेंद्र के अलावा अन्य आरोपित बोलेरो से आजमगढ़ पहुंचे थे। वहां से बंधक बनाकर तीन दिन पहले लखनऊ लाए और उसे निरालानगर में चरन गेस्ट हाउस में रखा।
इसके बाद 24 घंटे में सवा लाख रुपये देने के लिए कहा और न देने पर धमकी दी। इश्तियाक ने सवा लाख रुपये की व्यवस्था की तो छोड़ दिया। इसके बाद इश्तियाक ने हसनगंज थाने में तहरीर दी थी। जानकारी होने पर डीसीपी अपर्णा रजत कौशिक ने मामले का संज्ञान लिया और एसीपी महानगर को जांच सौंपी। जांच में पूरे घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों की भूमिका मिली।
रुपयों के बंटवारे को लेकर हुआ झगड़ा, शेखर ने वीडियो किया प्रसारित
पुलिसकर्मियों में लूटपाट और रंगदारी के सवा लाख रुपयों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। कई आरोपित विवाद के दौरान शराब के नशे में भी थे। इस बीच आरोपित शेखर ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित कर दिया। वीडियो प्रसारित होने पर पूरा राज खुला। शेखर ने अपनी छवि साफ बताते हुए इश्तियाक से मिलकर थाना हसनगंज में मामले की तहरीर दिला दी थी।
सर्विलांस और सीसी फुटेज से मिले साक्ष्य
तफ्तीश में लगी पुलिस टीम को सर्विलांस और सीसी फुटेज से साक्ष्य मिले। दारोगा और हेड कांस्टेबल समेत छह आरोपितों के आजमगढ़ जाने की पुष्टि सर्विलांस और सीसी फुटेज से हुई। यह भी पता चला कि वसूली के लिए ही धमकाकर छह आरोपित व्यापारी इश्तियाक को उठाकर लाए थे। शनिवार को शेखर का एक वीडियो और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें वह खुद को निर्दोष बता रहा है।



