Azamgarh news:भरौली ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यो की जांच अधर में, शिकायतकर्ता ने कहा फिर लगाएंगे डीएम से गुहार
Investigation of MNREGA works in Bharauli Gram Panchayat is pending, the complainant said that he will appeal to the DM again.

आजमगढ़। अजमतगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भरौली में मनरेगा कार्यों को लेकर लगाई गई शिकायत पर लोकपाल मनरेगा द्वारा 26 सितंबर को जांच की गई। शिकायतकर्ता तोयज पुत्र बुझारत द्वारा ग्राम पंचायत से जुड़े 9 बिंदुओं पर फर्जी कार्य और भुगतान का आरोप लगाते हुए शपथ-पत्र के साथ शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था।लोकपाल मनरेगा इंद्रमति शुक्ला निर्धारित समय पर लगभग दोपहर 1 बजे भरौली गांव पहुंचीं। जांच के दौरान शिकायतकर्ता उपस्थित था, लेकिन ग्राम प्रधान या उनका कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं आया। शिकायतकर्ता के बार-बार कहने पर भी जांच अधिकारी ने प्रधान की अनुपस्थिति पर आपत्ति दर्ज नहीं की और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। पहले बिंदु की जांच में प्राथमिक विद्यालय से बृजभान के घर तक सीसी रोड का निर्माण कार्य मौके पर नहीं पाया गया। इसी बीच पीच रोड से बेचू चौहान के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य की जांच के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य शैलेश चौहान के हस्तक्षेप से बहस की स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद की आशंका को देखते हुए जांच अधिकारी टीम सहित वापस लौट गई और शेष बिंदुओं की जांच अधूरी रह गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य का मामले से कोई संबंध नहीं था, इसके बावजूद वह बार-बार जांच में बाधा डालते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि अब वे जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पुनः जांच की मांग करेंगे और जांच के दौरान पुलिस बल उपलब्ध कराने की गुहार लगाएंगे। जांच अधिकारी इंद्रमति शुक्ला ने बताया कि ग्राम प्रधान को 15 दिन पूर्व नोटिस भेजा गया था, बावजूद इसके वे जांच में उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि दो बिंदुओं की जांच की गई, जिसमें पहला कार्य मौके पर नहीं मिला। शेष बिंदुओं की जांच अगली बार सूचना देकर कराई जाएगी।



