Azamgarh news:शरद पूर्णिमा पर शुरू हुआ अतरौलिया का ऐतिहासिक तीन दिवसीय मेला

Atraulia's historic three-day fair began on Sharad Purnima.

रिपोर्ट चन्द्रेश यादव

अतरौलिया, आज़मगढ़। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अतरौलिया का ऐतिहासिक तीन दिवसीय मेला मंगलवार 7 अक्टूबर से बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। नगर में स्थित सभी पूजा पंडालों के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। यह मेला 7, 8 और 9 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि 10 अक्टूबर को मूर्तियों के विसर्जन के साथ विधिवत संपन्न होगा।नगर पंचायत और व्यापार मंडल ने मेले की तैयारियों को पूरी तरह अंतिम रूप दे दिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष हिमांशु विनायकर ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दुकानदारों की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्टॉल और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।टीम संकल्प के अध्यक्ष नवनीत जायसवाल ने बताया कि शरद पूर्णिमा से लगने वाला यह मेला क्षेत्र की पहचान बन चुका है। सभी दुर्गा पूजा पंडालों में देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को आकर्षक झांकियों और भव्य मूर्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। दर्शनार्थी बड़ी श्रद्धा से माता रानी के दर्शन कर रहे हैं और सभी के मंगल की कामना कर रहे हैं।
अतरौलिया का यह मेला न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह स्थानीय व्यापार, सामाजिक सौहार्द और पर्यटन को भी बढ़ावा देता है। नगर पंचायत, व्यापार मंडल और प्रशासन की संयुक्त तैयारियों से उम्मीद है कि यह मेला इस बार भी पूरी शांति, व्यवस्था और उल्लास के साथ संपन्न होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button