Azamgarh News: खबर प्रकाशन से नाराज व्यक्ति ने पत्रकार को दी जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ बलरामपुर
आजमगढ़ जनपद में खबर प्रकाशन से नाराज एक व्यक्ति द्वारा पत्रकार को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित पत्रकार ने कोतवाली जीयनपुर में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमीन बेलारी, पोस्ट कोठिया, थाना जीयनपुर निवासी मनोज कुमार ओझा, जो हिन्दी दैनिक समाचार पत्र ‘स्वतंत्र चेतना’ आजमगढ़ संस्करण में ब्यूरो एवं संस्करण प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 2 मार्च, सोमवार की शाम लगभग 7:50 व 7:52 बजे मोबाइल नंबर 9415423931 से उनके मोबाइल नंबर 9415822496 पर कॉल आई।
आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अनिल यादव बताया और विधिचंद्र यादव व रिंकी यादव से संबंधित प्रकाशित खबर पर आपत्ति जताई। पत्रकार द्वारा यह बताए जाने पर कि संबंधित समाचार विभाग से प्राप्त तहरीर के आधार पर प्रकाशित किया गया है तथा किसी भी आपत्ति के लिए न्यायिक प्रक्रिया अपनाई जा सकती है, कॉल करने वाला व्यक्ति कथित रूप से उग्र हो गया।
तहरीर के अनुसार, आरोपी ने कहा कि वह दसवीं कक्षा से कोर्ट-कचहरी देख रहा है, उसके खिलाफ 50 मुकदमे दर्ज हैं और वह कोर्ट के माध्यम से नहीं बल्कि ‘बास्कोर्ट’ के जरिए उन्हें “ठीक” कर देगा। साथ ही सुबह समझा देने की बात भी कही।
पीड़ित पत्रकार ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए अनिल यादव के साथ विधिचंद्र यादव और रिंकी यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना होती है तो इसके लिए उक्त तीनों व्यक्ति जिम्मेदार होंगे।
इस संबंध में कोतवाली जीयनपुर पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में अनिल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



