Azamgarh News: होली पर्व के दृष्टिगत सीएमओ का सगड़ी क्षेत्र के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण, अलर्ट मोड में मिली स्वास्थ्य सेवाएं

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी नन्हकू राम वर्मा द्वारा होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों एवं विशेष ड्यूटी व्यवस्थाओं की पड़ताल हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ० एन० आर० वर्मा द्वारा आज सगड़ी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अजमतगढ़, हरैया एवं बिलरियागंज का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान तीनों चिकित्सालय खुले पाए गए तथा चिकित्सकों द्वारा मरीजों का उपचार किया जाता मिला। तीनों स्वास्थ्य केन्द्रों पर मरीजों की पर्याप्त भीड़ भी देखने को मिली, जहां चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ सक्रिय रूप से उपचार सेवाएं प्रदान करते पाए गए। सभी चिकित्सालयों में एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड में तैनात मिलीं तथा आवश्यक दवाएं प्रचुर मात्रा में उपलब्ध पाई गईं।
अजमतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर निरीक्षण के समय लगभग सवा बारह बजे दिन में डाॅ प्रशांत राय द्वारा सुबह से 20–25 मरीजों का उपचार किया जा चुका था तथा एआरबी इंजेक्शन लगाया जा रहा था। फार्मासिस्ट डी०पी० राम दवा वितरण में व्यस्त मिले, वहीं स्टाफ नर्स एवं वार्ड ब्वाय भी अपनी सेवाएं प्रदान करते पाए गए।
हरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर डाॅ संतोष गौड़, स्टाफ नर्स रंजना राय, फार्मासिस्ट एवं वार्ड ब्वाय रिजवान अहमद ड्यूटी पर मुस्तैदी से कार्य करते मिले। यहां मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं खिड़कियों के टूटे शीशों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर डाॅ विवेक शाह द्वारा ओपीडी सेवाएं संचालित पाई गईं। फार्मासिस्ट द्वारा एआरबी इंजेक्शन लगाया जा रहा था तथा स्वीपर वसीम एवं वार्ड ब्वाय दिनेश कुमार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते मिले। निरीक्षण के दौरान दवाओं के रखरखाव में शिथिलता पाए जाने पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने फार्मासिस्ट विवेक कुमार तिवारी को कड़ी फटकार लगाते हुए दवा रैक की साफ-सफाई दो दिवस के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा एआरबी इंजेक्शन भंडारण हेतु उपयोग किए जा रहे रेफ्रिजरेटर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान त्वचा रोग, आंखों से संबंधित दवाएं एवं पेट संबंधी रोगों में प्रयुक्त औषधियों की उपलब्धता की विशेष रूप से जांच की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त सरकारी चिकित्सालयों को निर्देशित किया कि होली पर्व के दौरान अधीक्षक/प्रभारी द्वारा तैयार किए गए ड्यूटी रोस्टर का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पूरा स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगा तथा किसी भी समय वीडियो कॉल अथवा लाइव लोकेशन के माध्यम से उपस्थिति सत्यापित की जा सकती है। उन्होंने सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहार अवधि की ड्यूटी को चुनाव ड्यूटी की भांति गंभीरता से लेते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी । मुख्य चिकित्साधिकारी के निरीक्षण में प्रभारी प्रचार प्रसार मनीष तिवारी भी साथ साथ उपस्थित रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button