आजमगढ़ में बीएसएनएल कर्मचारियों का प्रदर्शन, औद्योगिक महंगाई भत्ते के भुगतान में देरी पर जताया विरोध
BSNL employees protest in Azamgarh over delay in payment of industrial dearness allowance

आजमगढ़। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के कर्मचारियों और अधिकारियों ने सोमवार को सी-डॉट कार्यालय परिसर में लंच के दौरान सांकेतिक प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन औद्योगिक महंगाई भत्ता (आईडीए) के बकाया भुगतान में हो रही देरी के विरोध में किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एकजुटता और संघर्ष का संकल्प लिया।प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा कि दूरसंचार विभाग द्वारा इस माह के वेतन के साथ आईडीए बकाया भुगतान की फाइल को मंजूरी देने में अनावश्यक देरी की जा रही है। इसका असर न केवल बीएसएनएल कर्मचारियों पर पड़ रहा है, बल्कि पेंशनभोगी भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 16 अप्रैल 2026 को देशभर के सीसीए कार्यालयों पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन हो चुके हैं और अब स्थानीय इकाइयों द्वारा भी आवाज उठाई जा रही है।आनंद कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लगातार बीएसएनएल कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पहले से ही सातवें वेतन आयोग की मांग को लेकर संघर्षरत हैं और अब आईडीए के मामले में हो रही देरी से उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।जिला सचिव रामफेर राम, अभिनव द्विवेदी और हरिद्रश राय सहित अन्य वक्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और कर्मचारियों के साथ न्याय करने की मांग की।प्रदर्शन में कुसुमलता, किस्मती, संतोष सिंह, प्रशांत कुमार यादव, सुनील उपाध्याय, कतवारु प्रसाद विश्वकर्मा, प्रथमानंद सिंह, विजय कुमार, अवधेश तिवारी, माता प्रसाद यादव, परमेश्वर शाह, अरविंद कुमार उपाध्याय, बालमुकुंद यादव, सुनील कुमार सिंह, सुनील कुमार चौहान, तौफीक आलम, छेदीलाल शर्मा, कमलेश कुमार यादव, विनोद कुमार यादव, गुलाबचंद मौर्य, राजेंद्र प्रजापति, नीलम पांडे, अविनाश कुमार मौर्य, सादिक अली, वैष्णो सिंह, रवि प्रकाश और देवेश यादव समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।



