Azamgarh News: दबंगों ने महिला को अपनी ही जमीन पर मकान बनाने से रोका, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर*

*दबंगों ने महिला को अपनी ही जमीन पर मकान बनाने से रोका, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर*

 

बरदह/ (आजमगढ़)। मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के गोसड़ी गांव से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला को अपनी ही जमीन पर मकान बनाने से दबंगों द्वारा रोका जा रहा है। पीड़िता ममता पत्नी सूबेदार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार, वह अपने ससुर के नाम दर्ज जमीन पर मकान निर्माण करा रही थी, जहां पहले वह मंडई डालकर रहती थी। लेकिन गांव के कुछ दबंग और आर्थिक रूप से मजबूत लोग—छटृटू पुत्र लुटावन, प्रेम पुत्र रामकरण, अरुण पुत्र हरिबरन और साहब लाल पुत्र लुटावन—निर्माण कार्य में लगातार बाधा डाल रहे हैं।महिला का आरोप है कि ये लोग बार-बार 100 नंबर पर कॉल कर काम रुकवा देते हैं और मजदूरों को भगा देते हैं। इतना ही नहीं, रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। दबंगों द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि “थाना, पुलिस, कचहरी कहीं भी जाओ, तुम्हारी कोई सुनवाई नहीं होगी, हम पैसे के बल पर मामला दबा देंगे।”

पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार थाना दिवस और तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की आस में उसने महिला आयोग में भी आवेदन दिया, लेकिन 20 से 25 दिन बीत जाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला।

ममता वर्तमान में बेहद दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रही है। उसका सामान दूसरे के घर में रखा है और वह खुद खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है, जिससे उसकी समस्याएं और बढ़ गई हैं।

थक-हारकर महिला ने एक बार फिर एसडीएम मार्टिनगंज दिव्या सिकरवार और तहसीलदार अंजू यादव को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। महिला का कहना है कि अगर उसे जल्द न्याय नहीं मिला तो वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से शिकायत करेगी।

पीड़िता ने भावुक होकर कहा कि लगातार हो रही अनदेखी के कारण उसका कानून पर से विश्वास उठता जा रहा है और यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह कोई कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button