Azamgarh News: प्रेम में टूटे सपनों का दर्द, शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
प्रेम में टूटे सपनों का दर्द, शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत तोहफापुर गांव में प्रेम प्रसंग में दिल टूटने का दर्द उस समय खौफनाक मंजर में बदल गया जब एक युवक अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने की सूचना मिलने के बाद खुदकुशी की धमकी देते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बुधवार सुबह बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तोहफापुर गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार तोहफापुर गांव निवासी अर्जुन मौर्य (25 वर्ष) पुत्र स्व. ताड़केश्वर मौर्य का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और नजदीकियां थीं। इसी बीच युवक को जानकारी मिली कि युवती के परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी है। बताया जा रहा है कि यह खबर सुनते ही अर्जुन पूरी तरह टूट गया। वह सुबह करीब 7 बजे गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हर किसी की निगाहें टावर पर खड़े युवक पर टिकी थीं और लोग उसे नीचे उतरने की अपील कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी धैर्य और समझदारी का परिचय देते हुए युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान परिजन भी मौके पर पहुंचे और युवक से नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे।
आखिरकार पुलिस की सूझबूझ और ग्रामीणों के सहयोग से सुबह करीब 8:30 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक के नीचे आते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। कई लोगों की आंखें नम हो गईं, क्योंकि कुछ देर की जिद एक परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती थी।
इसके बाद पुलिस युवक को बिलरियागंज थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में एसएसआई योगेंद्र पाल ने बताया कि युवक भावनात्मक तनाव में आकर टावर पर चढ़ गया था। पुलिस टीम ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि भावनाओं में बहकर उठाया गया एक गलत कदम न सिर्फ अपनी जिंदगी बल्कि पूरे परिवार की खुशियां भी छीन सकता है।



