Azamgarh news :जनगणना-2027 में आपका स्वागत है”–सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से जनजागरूकता अभियान का जिलाधिकारी ने किया शुभारम्भ
जनगणना-2027 में आपका स्वागत है”–सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से जनजागरूकता अभियान का जिलाधिकारी ने किया शुभारम्भ

आईए 7 मई से 21 मई के बीच स्व गणना करें और सटीक जानकारी देकर आजमगढ़ के उज्जवल भविष्य का निर्माण करें-डीएम
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनगणना-2027 के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर (जिलाधिकारी कार्यालय के सामने) स्थापित “जनगणना-2027 में आपका स्वागत है” विषयक सेल्फी प्वाइंट का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सेल्फी लेकर जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि जनगणना-2027, वर्ष 1872 से प्रारंभ हुई जनगणना श्रृंखला की 16वीं जनगणना है तथा यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के रूप में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा एवं विविधतापूर्ण राज्य है, ऐसे में सटीक और व्यापक जनगणना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जन गणना कार्यक्रम की समय-सारिणी की जानकारी देते हुए बताया कि 07 मई से 21 मई 2026 तक (15 दिवस) स्वगणना (Self Enumeration) का कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात 22 मई से 20 जून 2026 तक (30 दिवस) मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) का कार्य संचालित होगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्वेच्छा से स्वगणना में भाग लें तथा सही एवं सटीक जानकारी प्रदान कर जनपद के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, पेयजल, सड़क सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जाता है। अतः प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी गम्भीर सिंह ने भी सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह एक नवीन सुविधा है, जिसके अंतर्गत नागरिक जनगणना कर्मियों के घर आने से पूर्व स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्वगणना हेतु नागरिक अपने मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित पोर्टल खोलकर मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें, ओटीपी के माध्यम से सत्यापन कर अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करें। प्रक्रिया पूर्ण होने पर उन्हें एक एसई (Self Enumeration) आईडी प्राप्त होगी, जिसे सत्यापन के समय संबंधित गणनाकर्मी को दिखाना होगा।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया कि वे 07 से 21 मई 2026 के मध्य घर बैठे ऑनलाइन स्वगणना अवश्य करें और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “जनगणना-2027 आपकी भागीदारी, देश की प्रगति हमारी जिम्मेदारी” का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना आवश्यक है।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर संजय चावला, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला जनगणना समन्वयक आकाश राय सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में उपस्थित जनमानस ने भी सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर “सही गणना, सशक्त भारत” के संकल्प को दोहराया।



