Azamgarh news :हत्या का वांछित आरोपी लोहे की रॉड के साथ गिरफ्तार
हत्या का वांछित आरोपी लोहे की रॉड के साथ गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना मेंहनगर पुलिस द्वारा हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। दिनांक 27.04.2026 को वादिनी श्रीमती संध्या देवी पत्नी रामजी निवासी ग्राम गोपालपुर थाना मेंहनगर जनपद आजमगढ़ द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया कि दिनांक 26.04.2026 को समय लगभग 08:30 बजे सायं राहुल पुत्र रामजीत राम निवासी ग्राम गोपालपुर शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। वादिनी के पति रामजी द्वारा मना करने पर अभियुक्त द्वारा विवाद करते हुए अपने हाथ में लिए लोहे की रॉड से रामजी के सिर पर जान से मारने की नीयत से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार हेतु अस्पताल ले जाते समय लाइफ लाइन हॉस्पिटल के गेट पर ही उनकी मृत्यु हो गई। उक्त प्रकरण में थाना मेंहनगर पर मु0अ0सं0 132/26 धारा 103(1)/352 बीएनएस पंजीकृत कर विवेचना प्रचलित है।
इसी क्रम में दिनांक 27.04.2026 को प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार मय हमराह का0 संदीप यादव व का0 अनुप द्वारा मुखबिर/सुरागरसी के आधार पर अभियुक्त राहुल पुत्र रामजीत निवासी ग्राम गोपालपुर थाना मेंहनगर जनपद आजमगढ़ को समय करीब 03:10 बजे उसके घर ग्राम गोपालपुर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद लोहे की रॉड को समय 10:15 बजे बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा अपना अपराध स्वीकार किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही प्रचलित है।



