आजमगढ़ में चाकूबाजी:मामूली विवाद में युवक को मारा चाकू, हालत गंभीर
AZAMGARH News:गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक लहूलुहान, दो पर केस दर्ज

आजमगढ़। थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव में सोमवार सुबह मामूली कहासुनी के बाद दो दबंगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गए।जानकारी के मुताबिक, गोबरहा निवासी धर्मेंद्र (28) पुत्र राजेश सुबह करीब 8 बजे निर्माणाधीन भवन की देखरेख के लिए जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही गूंगे और सत्यम नामक युवकों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने धर्मेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में धर्मेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और घायल धर्मेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घायल के पिता राजेश ने कोतवाली फूलपुर में गूंगे और सत्यम के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



