राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती गीता बिंद ने मऊ में सुनीं महिलाओं की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
State Women Commission member Mrs. Geeta Bind listened to the problems of women in Mau, gave instructions for their quick resolution.
मऊ। घोसी। यूपी राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती गीता बिंद की अध्यक्षता में एक जनसुनवाई का आयोजन पी० डब्लू० डी० डाक बंगला में किया गया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 11 मामले आए। सदस्या महोदया ने सक्रियता दिखाते हुए मौके पर ही 3 मामलों का त्वरित निस्तारण कराया। शेष लंबित प्रकरणों के संदर्भ में उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी कार्यवाही करने और पीड़ितों को अविलंब न्याय दिलाने हेतु निर्देशित किया।
जनसुनवाई के साथ-साथ सदस्या ने ‘प्रदुम्न’ नामक नन्हे बालक का अन्नप्राशन संस्कार अपने हाथों से संपन्न किया और उसे शुभाशीष प्रदान किया। विभागीय कार्यों की समीक्षा के क्रम में उन्होंने ‘सखी निवास’ का भ्रमण भी किया।
श्रीमती गीता बिंद ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



