Azamgarh News: महाराणा प्रताप जयंती पर गरजीं पूजा सिंह“अब बेटियों के गुनहगार बचेंगे नहीं, कानून सीधे जवाब देगा”

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

महाराणा प्रताप जयंती पर गरजीं पूजा सिंह“अब बेटियों के गुनहगार बचेंगे नहीं, कानून सीधे जवाब देगा”

आजमगढ़, जनपद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आजमगढ़ में राष्ट्रीय सनातन सेना भारत एवं दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रवाद, नारी सुरक्षा और सांस्कृतिक स्वाभिमान की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष पूजा सिंह ने महिला सुरक्षा को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की खुलकर सराहना करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

अपने ओजस्वी संबोधन में पूजा सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष का अमर संदेश है। उन्होंने कहा कि आज देश उसी विचारधारा पर आगे बढ़ रहा है, जहाँ अपराधियों को संरक्षण नहीं बल्कि कठोर दंड दिया जाता है।“महाराणा प्रताप ने सिखाया था कि अन्याय के सामने कभी झुको मत। आज मोदी-योगी सरकार उसी स्वाभिमान और साहस के रास्ते पर चल रही है। अगर कहीं बेटियों के साथ अपराध होता है, तो उसे दबाया नहीं जाता, बल्कि तुरंत संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई की जाती है। अपराधी चाहे कितना प्रभावशाली क्यों न हो, उसका स्थान जेल में ही होता है।” सभा के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता अब दो विचारधाराओं का अंतर समझ चुकी है।

“एक समय ऐसा था जब महिलाओं के खिलाफ अपराध पर कहा जाता था — ‘लड़के हैं, गलतियाँ हो जाती हैं।’ लेकिन अब नया भारत अपराध को गलती नहीं मानता, बल्कि कानून के खिलाफ जघन्य कृत्य मानता है। अब अपराधी की जाति, धर्म और उम्र नहीं देखी जाती, केवल उसका अपराध देखा जाता है।”

पूजा सिंह ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल मंचों पर भाषण देने से नहीं आता, बल्कि कठोर प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जमीनी कार्रवाई से आता है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्पलाइन और अपराधियों पर बुलडोजर कार्रवाई को महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने “जय महाराणा प्रताप”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार महाराणा प्रताप ने अपने स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए जीवन समर्पित कर दिया, उसी प्रकार आज समाज को भी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए एकजुट होकर खड़ा होना होगा।

अंत में पूजा सिंह ने भावुक स्वर में कहा—“राणा का मेवाड़ कभी झुका नहीं था, और मोदी का भारत अब रुकेगा नहीं। बेटियों की तरफ बुरी नजर डालने वालों को कानून मिट्टी में मिला देगा। यही नया भारत है, जहाँ मातृशक्ति सर्वोपरि है।”

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button