Azamgarh News: जहानागंज पुलिस ने नष्ट कराई लाखों की अवैध शराब, 20 मुकदमों में बरामद 250 लीटर से अधिक शराब का विनष्टीकरण

जहानागंज पुलिस ने नष्ट कराई लाखों की अवैध शराब, 20 मुकदमों में बरामद 250 लीटर से अधिक शराब का विनष्टीकरण

जहानागंज, आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस ने आबकारी अधिनियम के अंतर्गत जब्त अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे माल निस्तारण अभियान के क्रम में यह कार्रवाई संपन्न की गई।

थाना जहानागंज पुलिस द्वारा विभिन्न तिथियों में आबकारी अधिनियम के तहत बरामद की गई अवैध शराब को मा० न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के आदेश के उपरांत दिनांक 09 मई 2026 को थाना परिसर में नियमानुसार नष्ट कराया गया। पुलिस के अनुसार कुल 20 मुकदमों में बरामद लगभग 250.56 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 04 लाख रुपये बताई जा रही है, का विनष्टीकरण किया गया।

विनष्टीकरण की प्रक्रिया नायब तहसीलदार जहानागंज तहसील सदर श्री प्रवीण वर्मा एवं थानाध्यक्ष जहानागंज श्री अतुल कुमार मिश्रा की मौजूदगी में पूरी कराई गई। इस दौरान जब्त अवैध शराब को नाली में गिराकर नष्ट किया गया तथा संपूर्ण प्रक्रिया का पालन शासन एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button