दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू ट्रेन को मिली मंजूरी, 11 मई से होगा संचालन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू को हरी झंडी

दोहरीघाट-औंड़िहार मेमू ट्रेन सेवा 11 मई से शुरू, रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
गोरखपुर, 10 मई। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रेल मंत्रालय ने 65121/65122 दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट मेमू सवारी गाड़ी के संचालन को मंजूरी दे दी है। इस नई रेल सेवा का शुभारम्भ 11 मई, 2026 को किया जाएगा।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 05121 उद्घाटन विशेष गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दोहरीघाट स्टेशन पर अपराह्न 3 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, घोसी सांसद राजीव राय, विधायक राम बिलाश चौहान तथा विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, वाराणसी मंडल के रेल अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।रेलवे के अनुसार इस मेमू ट्रेन के संचालन से छात्रों, किसानों, व्यापारियों और स्थानीय यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।


