Azamgarh news :स्व गणना में आजमगढ़ ने रचा इतिहास, ढेड़ लाख परिवारों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर
स्व गणना में आजमगढ़ ने रचा इतिहास, ढेड़ लाख परिवारों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर

“हमारी जनगणना, हमारा विकास” — स्व गणना अभियान में जनसहभागिता से आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम रैंक के साथ बनाया नया कीर्तिमान
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व गणना अभियान में जनपद आजमगढ़ ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 1 लाख 50 हजार परिवारों की स्व गणना पूर्ण कर उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद प्रशासन के कुशल नेतृत्व, सुव्यवस्थित कार्ययोजना, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं व्यापक जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जनपद आजमगढ़ ने 1 लाख 45 हजार स्व गणना के साथ अग्रणी चल रहे सोनभद्र जनपद को लगभग 5 हजार स्व गणना से पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। इस उल्लेखनीय सफलता से जनपदवासियों में उत्साह एवं गौरव का वातावरण है।
इस उपलब्धि के पीछे प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत निर्देशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनपद के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास, समर्पण एवं प्रतिबद्धता से यह लक्ष्य प्राप्त किया जा सका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे जनपद आजमगढ़ की सामूहिक सफलता है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़वासियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि सामूहिक इच्छाशक्ति एवं सकारात्मक सहभागिता से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि आत्मसंतुष्टि से बचते हुए इसी ऊर्जा एवं उत्साह के साथ आगे भी अभियान को गति प्रदान करें।
स्व गणना अभियान के अंतर्गत नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना दर्ज कराने हेतु निरंतर जागरूक किया जा रहा है। जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभिन्न थीम आधारित दिवसों, विभागीय कार्यक्रमों, रैलियों, कार्यशालाओं एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्व गणना हेतु प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता तथा निरंतर मॉनिटरिंग के कारण अभियान को व्यापक सफलता प्राप्त हो रही है।
जनपद प्रशासन ने इस उपलब्धि पर सभी जनपदवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके निरंतर सहयोग, मेहनत एवं प्रतिबद्धता की सराहना की है।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि इसी टीम भावना, अनुशासन एवं जनसहभागिता के बल पर जनपद भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगा तथा जनगणना 2027 को सफल बनाने में प्रदेश स्तर पर नई मिसाल स्थापित करेगा।
जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे स्व गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी अवश्य दर्ज कराएं तथा राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
स्व गणना पोर्टल :
https://se.census.gov.in�
“हमारी जनगणना, हमारा विकास” — इसी संकल्प के साथ जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना योगदान दें।



