Azamgarh news :मदरसा शिक्षकों को हरिऔध कला केंद्र में दिया गया जनगणना 2027 की स्वगणना का प्रशिक्षण
मदरसा शिक्षकों को हरिऔध कला केंद्र में दिया गया जनगणना 2027 की स्वगणना का प्रशिक्षण

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाने के उद्देश्य से हरिऔध कला केंद्र में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा मदरसा विभाग के अध्यापकों हेतु स्वगणना संबंधी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह द्वारा किया गया।
कार्यशाला में मदरसा विभाग के अध्यापकों को स्वगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता एवं तकनीकी बारीकियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जनगणना 2027 के विभिन्न आयामों एवं उसकी महत्ता के प्रति प्रतिभागियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में बताया गया कि स्वगणना एक सरल, सुगम एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, जिसे मात्र 5 से 10 मिनट में पूर्ण किया जा सकता है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर होती है तथा कम समय में अधिक सटीक एवं प्रभावी कार्य संपादित किया जा सकता है।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह द्वारा प्रतिभागियों को स्वगणना प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने ऑनलाइन स्वगणना पोर्टल के उपयोग, आवश्यक विवरण भरने की प्रक्रिया एवं सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी से जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता एवं अपेक्षित सहयोग का आह्वान किया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्रीमती वर्षा अग्रवाल ने उपस्थित शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं अपनी स्वगणना अवश्य करें तथा छात्र-छात्राओं एवं उनके परिवारों को भी स्वगणना हेतु प्रेरित करें, जिससे जनगणना अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अरविंद यादव, समीउल्लाह अंसारी तथा फील्ड ट्रेनर बृजेश श्रीवास्तव, मांधाता सिंह, यशवंत एवं उमेश यादव सहित मदरसा विभाग के अध्यापकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



